कार्रवाई: पटना आयकर विभाग की महिला अधिकारी और कर्मचारी ₹15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

Spread the love

पटना: पटना आयकर विभाग में पदस्थ एक महिला अधिकारी सुनीता कुमार और उनके अधीनस्थ कर्मचारी को CBI ने कथित तौर पर ₹15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। CBI के अनुसार, दोनों को 10 सितंबर को रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

मामला सहरसा की स्वयंसेवी संस्था ‘ज्योति विवेकानंद संस्थान’ से जुड़ा है। संस्था की ओर से आयकर विभाग में छूट से संबंधित आवेदन दिया गया था। आरोप है कि 12A और 80G से जुड़े दस्तावेजों में सुधार करने और प्रमाणपत्र जारी करने के बदले महिला अधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी।

CBI के अनुसार, शिकायतकर्ता ज्योति मिश्रा ने इस संबंध में एजेंसी से शिकायत की थी। प्रारंभिक सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद CBI ने कार्रवाई की। आरोप के मुताबिक, शुरुआत में महिला अधिकारी ने अपने लिए ₹75 हजार और अधीनस्थ कर्मचारी के लिए ₹10 हजार, यानी कुल ₹85 हजार की मांग की थी। बाद में कथित रिश्वत की रकम कम कर दी गई।

CBI के मुताबिक, तय रकम की पहली किस्त लेते समय दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और कथित रिश्वत मांगने तथा उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।