जमशेदपुर: श्री गो-कृपा कथा महोत्सव में गौ-सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश, संत ने नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर दिया जोर

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में चल रहे तीन दिवसीय “श्री गो-कृपा कथा महोत्सव” के दूसरे दिन शनिवार को गौ-पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। शाम 4 से 7 बजे तक आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संत ग्वाल श्री गोपालानंद सरस्वती जी महाराज से गौ-महिमा, गौ-सेवा और सनातन संस्कृति से जुड़े प्रसंग सुने।

संत गोपालानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और परंपराओं की जानकारी देना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को गौवंश और गौ-संस्कृति से परिचित कराने की जिम्मेदारी समाज की है।

उन्होंने कहा कि गौ केवल पशु नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रह्मांड और तैंतीस कोटि देवी-देवताओं की अधिष्ठान शक्ति है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौ-सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने और नई पीढ़ी को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कथा में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, मानगो नगर निगम मेयर सुधा गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। कथा के बाद गौ-आरती और प्रसाद वितरण हुआ।

महोत्सव का अंतिम दिन 20 सितंबर को शाम 4 से 7 बजे तक इसी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।