जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में भावी शिक्षिकाओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के शिक्षा विभाग में सत्र 2026-28 के B.Ed, B.P.Ed और M.Ed पाठ्यक्रम की छात्राओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य नई छात्राओं को शैक्षणिक पाठ्यक्रम, संस्थान के नियमों और शिक्षा क्षेत्र में आवश्यक पेशेवर मानकों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और B.Ed छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय भुइयां ने स्वागत एवं परिचयात्मक संबोधन दिया। कार्यक्रम में विभाग के संकायाध्यक्ष और सभी संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने तीनों पाठ्यक्रमों की रूपरेखा, नियमों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी छात्राओं को दी। श्रीमती सोनी ने M.Ed, डॉ. निशा ने B.Ed और डॉ. संजीत महतो ने B.P.Ed पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. त्रिपुरा झा ने किया। अंत में डॉ. अरुणिमा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। राष्ट्रगान के साथ इंडक्शन प्रोग्राम का औपचारिक समापन हुआ।