सरायकेला-खरसावां: राजनगर प्रखंड के एदल गांव में मां मनसा पूजा के अवसर पर झूमर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और पारंपरिक झूमर का आनंद लिया। कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ समय बिताया और झूमर कार्यक्रम देखा।


इस दौरान गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल खनिज संपदा से नहीं, बल्कि यहां की मिट्टी, परंपरा और संस्कृति से भी है। उन्होंने कहा कि झूमर सिर्फ गीत और नृत्य नहीं, बल्कि गांव की पुरानी संस्कृति और जड़ों से जुड़ी परंपरा है। ऐसे आयोजन ग्रामीणों के बीच आपसी भाईचारा बढ़ाने के साथ बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति से परिचित कराने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की तरह स्थानीय भाषा और लोककलाओं को बचाना भी जरूरी है। गणेश महाली ने कहा कि झामुमो झारखंड की पहचान और लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को गांव की विकास संबंधी समस्याओं को आगे भी उठाने का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में झामुमो नेता कुबेर सारंगी, शंकू नंदी, मुखिया शंभू सरदार, संतु नायक, ग्राम प्रधान महेश्वर गोप समेत आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मां मनसा पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से गांव में उत्सवी माहौल बना रहा।

