झारखंड: राज्य में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 20 से 25 सितंबर के बीच झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। 23 से 25 सितंबर के दौरान भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।


20 से 22 सितंबर के बीच कई इलाकों में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं 23 सितंबर से बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। 24 और 25 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
राज्य में बारिश बढ़ने से तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम के बदलाव का असर देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम पर नजर बनाए रखना और स्थानीय चेतावनियों का पालन करना जरूरी होगा।

