रांची: झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों के साथ कोल्हान प्रमंडल में कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले संताल परगना के देवघर और नाला जैसे इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा चुकी है।


मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल झारखंड के 13 जिलों में मानसून सक्रिय है। अगले दो दिनों के भीतर पूरे राज्य से मानसून की वापसी होने की संभावना जताई गई है। मानसून की विदाई के बाद अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम में बदलाव के बावजूद अगले चार दिनों के दौरान तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है।
रविवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम 35 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की वापसी के बाद झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

