रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अब तक फॉर्म-6 के 7,75,527 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के 5,10,221 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 17,764 आवेदन और आपत्तियां दर्ज की गई हैं। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतदाता सूची से संबंधित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के कार्यालय से 11 अक्टूबर को जारी एसआईआर बुलेटिन के मुताबिक, 10 अक्टूबर को एक ही दिन में फॉर्म-6 के 12,571 आवेदन डिजिटाइज किए गए। इसी दिन फॉर्म-8 के 5,184 और फॉर्म-7 के 541 आवेदन डिजिटाइज हुए। इसके अलावा प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए के तहत अब तक 117 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं। हालांकि, 10 अक्टूबर को इस श्रेणी में कोई नया आवेदन डिजिटाइज नहीं हुआ।
निर्वाचन कार्यालय ने मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने आवेदन जमा करने की अपील की है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए और मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार कराने तथा एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, झारखंड में एसआईआर की प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने से पात्र मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने, विवरण ठीक कराने या अन्य आवश्यक बदलाव कराने का अवसर मिलेगा।

