दुमका: झाड़ियों में मिला नौवीं की आदिवासी छात्रा का शव, हत्या की जांच जारी; छात्राओं ने किया सड़क जाम

Spread the love

दुमका: काठीकुंड थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नौवीं कक्षा की एक आदिवासी छात्रा का शव गांव के पास झाड़ियों में मिलने से इलाके में आक्रोश फैल गया। छात्रा की हत्या किए जाने और दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। खाना खाने के बाद वह गाय खोलने के लिए खेत की ओर गई। कुछ देर बाद गाय अकेली घर लौट आई, लेकिन छात्रा वापस नहीं पहुंची। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो गांव के पास झाड़ियों में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। एसडीपीओ दिलीप खालको ने बताया कि हत्या के मामले की जांच की जा रही है। दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना के विरोध में शनिवार को आक्रोशित छात्राओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। वहीं, पुलिस की डॉग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। इस दौरान ढाड़ी से एक जोड़ी चप्पल बरामद कर जब्त की गई। पुलिस छात्रा के घर से घटनास्थल तक के रास्ते और आसपास के इलाकों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा भी पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचीं। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। उनके अनुसार, इससे पहले भी इसी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अभिभावकों में भय बढ़ सकता है और बच्चियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।

जॉयस बेसरा ने प्रशासन से मामले में दोषियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।