खूंटी: जिले के मुरहू प्रखंड स्थित कुंजला गांव में शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। मंगलवार को नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से आराधना की गई। पंडित प्रदीप पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। इस धार्मिक आयोजन में गांव के विभिन्न समाजों के लोग एक साथ शामिल होकर माता रानी की आराधना कर रहे हैं।


नवरात्र पूजा में विभिन्न समाजों की लगभग 70 से 80 बच्चियां और बालिकाएं भी भाग ले रही हैं। ग्रामीण सामूहिक रूप से मां दुर्गा की पूजा कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूजा के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से गांव का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
आयोजन में सभी समाजों की भागीदारी सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दे रही है। ग्रामीणों का सामूहिक प्रयास धार्मिक आयोजन को गांव के लोगों को एकजुट करने का माध्यम बना रहा है।
पूजा समिति के अध्यक्ष काशीनाथ महतो ने बताया कि नवरात्र का आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लोगों की सामूहिक सहभागिता से गांव में सौहार्द और एकजुटता को बढ़ावा मिल रहा है।

