टाटा स्टील में जनरल शिफ्ट की टाइमिंग बदलने की तैयारी, 15 अक्टूबर से ट्रायल; 1 नवंबर से लागू करने की योजना

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील में कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट की टाइमिंग बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। नई व्यवस्था का 15 अक्टूबर से 15 दिनों तक ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर इसे 1 नवंबर से पूरी तरह लागू करने की योजना है। इस संबंध में टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व के बीच मिनट्स ऑफ मीटिंग पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। कंपनी के चीफ एचआरबीपी यशवंत कुमार पांडेय ने इसकी जानकारी देते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू को लिखित सूचना भी दी है।

कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी में ई और डी-1 शिफ्ट बंद किए जाने के बाद अब डी और एल शिफ्ट को डब्ल्यू-1 शिफ्ट में मिलाने का प्रस्ताव है। फिलहाल डी शिफ्ट सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और एल शिफ्ट सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलती है। प्रस्तावित डब्ल्यू-1 शिफ्ट सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। इसमें दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा, जबकि सुरक्षा टाइमिंग दोपहर 2:30 बजे तक मान्य होगी। प्रबंधन को उम्मीद है कि इससे सुरक्षा टाइमिंग को अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा।

ट्रायल के दौरान कर्मचारियों की आवाजाही और गेट पर भीड़ की स्थिति का आकलन किया जाएगा। भीड़ के समय लंबे इंतजार से बचाने के लिए टर्नस्टाइल गेट खुले रखे जाएंगे। संबंधित शिफ्ट के कर्मचारियों को गेट पर कार्ड स्वैप या पंचिंग नहीं करनी होगी, लेकिन विभाग में एआरएस पंचिंग के जरिए उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य रहेगा।

गेट पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। 15 दिनों के ट्रायल से मिले अनुभवों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद नई शिफ्ट व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।