रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने 13 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों और 42 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की है।


रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक के अनुरोध और पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बाद आईजी मानवाधिकार कार्यालय ने 12 अक्टूबर को प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, सभी अधिकारी 15 अक्टूबर 2026 की दोपहर से 19 अक्टूबर 2026 की सुबह तक या कार्यक्रम समाप्त होने तक नेमरा और रामगढ़ जिले में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
प्रतिनियुक्त IPS अधिकारियों में एसटीएफ डीआईजी इंद्रजीत महथा, एसआईबी एसपी सौरभ, जैप-4 के समादेष्टा ऋषभ कुमार झा, विशेष शाखा एसपी हरविंदर सिंह, एसीबी एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, जैप-6 के समादेष्टा राजेश कुमार, सीआईडी एसपी रोशन गुड़िया और एसीबी एसपी श्रीराम समद शामिल हैं। इनके अलावा धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जमशेदपुर ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल, रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब और चैनपुर एसडीपीओ श्रुति को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 42 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। इनमें गिरिडीह के अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार, एसटीएफ और एटीएस के डीएसपी सहित एसीबी, विशेष शाखा, जैप और आईआरबी बटालियनों के अधिकारी शामिल हैं। रेल और यातायात डीएसपी को भी प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन स्थल और संवेदनशील स्थानों की निगरानी करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

