टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: कैंटीन में मिलेंगे झालमुड़ी, पोहा, ओट्स उपमा और मूंग दाल चीला जैसे नए नाश्ते

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब कंपनी की कैंटीन में नाश्ते के लिए कई नए विकल्प मिलेंगे। कर्मचारियों की सेहत और लंबे समय से की जा रही मांग को ध्यान में रखते हुए कैंटीन के मेनू में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को टाटा स्टील वर्क्स जनरल ऑफिस में चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय की अध्यक्षता में हुई सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमेटी (सीसीएमसी) की बैठक में नए वर्क ऑर्डर को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

नए मेनू में ब्लैक कॉफी, ग्रीन टी, मिल्क कॉफी, झालमुड़ी, दाल पूड़ी, उबला चना, दलिया उपमा, ओट्स उपमा, मेदू वड़ा, सेवई उपमा, उबला शकरकंद, मूंग दाल चीला, पकौड़ा, ढोकला, पोहा और लिट्टी जैसे विकल्प शामिल किए गए हैं। इससे कर्मचारियों को नाश्ते में अधिक विविधता मिलेगी।

दोपहर के भोजन के लिए कर्मचारियों को हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट के तीन विकल्प उपलब्ध होंगे। इसके अलावा पूरे साल कैंटीन में उबला अंडा देने का भी निर्णय लिया गया है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, सभी कैंटीन में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नाश्ता मिलेगा, जबकि ट्रॉली प्वाइंट पर सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक नाश्ते की सुविधा रहेगी।

ट्रॉली सेवा में देरी कम करने और कर्मचारियों तक समय पर भोजन पहुंचाने के लिए रेल और रोड मूवमेंट के आधार पर अलग-अलग जोन निर्धारित किए गए हैं।

बैठक में सीसीएमसी चेयरमैन सह चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय, वाइस चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज, पीके चौधरी, उमाशंकर पटनायक, हेड कैंटीन रिचा केडिया और सीनियर मैनेजर शौकत खान सहित कमेटी सदस्य तथा यूनियन के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।