सिमडेगा में निर्माण स्थलों का सुरक्षा ऑडिट, मजदूरों की सुरक्षा और CCTV व्यवस्था की जांच; एजेंसियों को सख्त निर्देश

Spread the love

सिमडेगा: जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और निर्माणाधीन कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सिमडेगा पुलिस ने सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मजदूरों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा, निर्माण सामग्री एवं मशीनरी की सुरक्षा, रात्रिकालीन सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के इंतजामों का भी जायजा लिया। इसका उद्देश्य निर्माण स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कमियों की पहचान करना और संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाना है।

पुलिस ने संबंधित निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कार्यस्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और मजदूरों सहित सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

इसके अलावा, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को देने का निर्देश दिया गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने निर्माण स्थलों पर रात के समय गश्ती और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

सिमडेगा पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य चोरी, असामाजिक गतिविधियों और अन्य अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा विकास परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा ऑडिट और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।