सिमडेगा: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अपराध नियंत्रण को लेकर सिमडेगा पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पड़ताल के साथ चालकों के वैध दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।


अभियान के दौरान कुछ नाबालिग स्कूली छात्र वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाया और उनकी मौजूदगी में बच्चों को कम उम्र में वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में समझाया। इसके बाद छात्रों को चेतावनी देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने अभिभावकों को सख्त हिदायत दी कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस अधीक्षक ने भी अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से उनकी अपनी जान के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सिमडेगा पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आम लोगों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से वाहन जांच तथा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

