त्योहारों पर रेलवे की सौगात: टाटानगर से बक्सर के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन रवाना, कई अन्य रूटों पर भी चलेंगी विशेष ट्रेनें

Spread the love

जमशेदपुर: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टाटानगर और आसपास के स्टेशनों से कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। इसी क्रम में मंगलवार को टाटानगर से बक्सर के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (08183) को एआरएम टाटा नीतीश कुमार और स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन निर्धारित समय रात 8:30 बजे रवाना हुई। पहले दिन आरक्षित कोचों में करीब 200 और जनरल कोचों में 120 यात्रियों ने सफर किया।

त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए टाटानगर स्टेशन की वीआईपी लाइन में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए एलसीडी स्क्रीन, पंखे, लाइट और डस्टबिन की व्यवस्था की गई है।

रेलवे के कार्यक्रम के अनुसार, आदित्यपुर से लखनऊ के लिए स्पेशल ट्रेन (04217) 15 अक्टूबर को एक फेरा लगाएगी। संतरागाछी-अजमेर स्पेशल (08611) टाटानगर होकर 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक 12 फेरे लगाएगी। वापसी में अजमेर-संतरागाछी स्पेशल (08612) 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मुंबई और संतरागाछी के बीच स्पेशल ट्रेन (01107/01108) चक्रधरपुर और टाटानगर होकर 6 से 29 अक्टूबर तक सप्ताह में एक दिन चलेगी। इतवारी-शालीमार स्पेशल (08861/08862) 15 से 30 अक्टूबर के बीच टाटानगर और चक्रधरपुर होकर चलेगी। वहीं, संबलपुर-संतरागाछी स्पेशल (08303/08304) झारसुगुड़ा, चक्रधरपुर और टाटानगर के रास्ते 14 से 22 अक्टूबर के बीच दो फेरे लगाएगी।

इन विशेष ट्रेनों से बक्सर, लखनऊ, अजमेर, मुंबई और अन्य गंतव्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाना है।