इचाक (हजारीबाग): स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं से छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत मिलने के बाद इचाक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ाई और प्रार्थना सभा में पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर कई शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं।


छात्राओं का आरोप है कि स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी होने के समय कुछ युवक बाइक से आसपास घूमते हैं और उनके साथ छेड़खानी करते हुए अभद्र टिप्पणियां करते हैं। इस तरह की घटनाओं से छात्राओं में असहजता और चिंता का माहौल है।
बताया गया कि इन घटनाओं से परेशान जीएम कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को इचाक थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया था। उन्होंने संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ाने के साथ नियमित गश्त तेज कर दी है।
थाना प्रभारी गौतम कुमार और जेएसआई नंदकिशोर दास ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी के अनुसार, पहले भी इस तरह की शिकायत मिलने पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्राओं से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने छात्राओं से किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील भी की है।

