ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम का कुड़ू में स्वागत, संविधान की पुस्तक भेंट कर दी शुभकामनाएं

Spread the love

कुड़ू (लोहरदगा): ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल, अखिल भारतीय धोबी महासंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम का बुधवार को कुड़ू में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और धोबी महासंघ के सदस्यों ने स्वागत किया। ब्रजमोहन राम रांची से लातेहार जिले के चंदवा स्थित मां उग्रतारा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान कुड़ू के इंदिरा गांधी चौक स्थित शिव मंदिर परिसर में उनके स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर धोबी महासंघ के राजू कुमार रजक ने ब्रजमोहन राम को संविधान की पुस्तक भेंट की। उपस्थित लोगों ने उन्हें नई संवैधानिक जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।

स्वागत समारोह के दौरान ब्रजमोहन राम ने कहा कि उन्हें जो संवैधानिक जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि आम लोगों के लिए लोक भवन सुलभ रहेगा और जनता अपनी समस्याओं को लेकर वहां पहुंच सकेगी।

ब्रजमोहन राम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

कार्यक्रम में धीरज प्रसाद, राजू कुमार रजक, विनोद कुमार राम, बरुण बैठा, रामखेलावन राम, नवीन कुमार टिंकू और अमित कुमार बंटू सहित भाजपा के नेता, कार्यकर्ता तथा धोबी महासंघ के सदस्य उपस्थित रहे।