रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच (PET) का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस चरण के लिए कुल 56,304 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनकी शारीरिक जांच 28 अक्टूबर से शुरू होकर 13 नवंबर तक राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।


डीजीपी के निर्देश के आलोक में पुलिस मुख्यालय ने PET के आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जांच प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए राज्य में तीन चयन पर्षद गठित किए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रांची में 28 अक्टूबर से 13 नवंबर तक, हजारीबाग में 28 अक्टूबर से 7 नवंबर तक और दुमका में 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक शारीरिक दक्षता जांच आयोजित होगी।
जारी निर्देशों के मुताबिक, प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन अभ्यर्थियों की जांच के लिए 20 बैच बनाए जाएंगे। प्रत्येक बैच में 100-100 अभ्यर्थियों को शामिल करने की व्यवस्था बताई गई है। इस तरह जांच प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की तैयारी है।
पुलिस मुख्यालय ने परीक्षा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने निर्धारित केंद्र, रिपोर्टिंग समय और PET से संबंधित आधिकारिक निर्देशों की जानकारी आयोग या संबंधित विभाग की आधिकारिक सूचना से प्राप्त करें, ताकि जांच के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।

