बहरागोड़ा: प्रखंड की केशरदा पंचायत स्थित प्राचीन बाबा भैरव मंदिर परिसर में वर्षों से लंबित ढलाई का काम आखिरकार पूरा हो गया। नई पीढ़ी जनसेवा परिवार (एनपीजेपी) और केशरदा गांव के युवाओं ने दुर्गा पूजा से पहले इस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया था। संगठन के सदस्यों और ग्रामीण युवाओं ने दिन-रात मेहनत कर अपने संकल्प को पूरा किया।


मंदिर परिसर में ढलाई का काम पूरा होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे सामाजिक एकजुटता और सामूहिक प्रयास की मिसाल बताया। लंबे समय से लंबित इस कार्य को पूरा करने में गांव के युवाओं और संगठन के सदस्यों ने मिलकर योगदान दिया।
इस कार्य में छोटेन गिरि और अनंत महंती ने विशेष सहयोग किया। वहीं, विवेक बेरा और गौरांग पात्र ने काम को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने और युवाओं का मार्गदर्शन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एनपीजेपी के संस्थापक शुभम बेरा, मैनेजिंग डायरेक्टर अमित पात्र सहित संगठन के सदस्यों, गांव के वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भी इस कार्य में योगदान दिया। सामूहिक प्रयास से मंदिर परिसर की ढलाई पूरी होने पर ग्रामीणों ने सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि नई पीढ़ी जनसेवा परिवार समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के लिए हमेशा तत्पर रहता है। उन्होंने आगे भी गांव और समाज के हित में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

