जमशेदपुर: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने संकेत दिया है कि अगले साल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जमीन पर शुरू हो सकता है। भारतीय मानक ब्यूरो के एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने बताया कि वन विभाग की आपत्तियों के जवाब भेज दिए गए हैं। दुर्गापूजा के बाद वह केंद्रीय वन मंत्री और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर आपत्तियों का जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगे।


सांसद के मुताबिक, केंद्र के वन एवं पर्यावरण विभाग में नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। ऐसे में परियोजना से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास जिन किसानों की रैयती जमीन है, वे भी जमीन देने के लिए तैयार हैं। हालांकि, निर्माण शुरू होने की तारीख संबंधित मंजूरियों और प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगी।
इधर, टाटानगर रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर भी सांसद ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर चार नए प्लेटफॉर्म के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए जा चुके हैं। पुराने स्टेशन भवन को तोड़ने के बाद प्लेटफॉर्म निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा वंदे भारत कोचिंग डिपो का शिलान्यास भी जल्द होने की संभावना जताई गई।
सांसद ने बताया कि गोविंदपुर और बारीगोड़ा में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण छठ के बाद शुरू होने की उम्मीद है। दोनों परियोजनाओं के लिए निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका है। वहीं, हावड़ा-जयपुर एक्सप्रेस का रैक टाटानगर पहुंच गया है और जल्द ही ट्रेन का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है।

