जमशेदपुर: टाटा स्टील में सभी कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट का समय एक समान करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गुरुवार से ट्रायल शुरू होगा, जिसमें 50 प्रतिशत कर्मचारियों की शिफ्ट टाइमिंग बदली जाएगी। बुधवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों, सुरक्षा विभाग और एचआर के अधिकारियों ने कंपनी के विभिन्न गेटों का दौरा किया। इस दौरान नई व्यवस्था के ट्रायल में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।


प्रबंधन ने ई और डी-1 शिफ्ट को सफलतापूर्वक बंद करने के बाद अब जनरल शिफ्ट की टाइमिंग को एकरूप करने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत डी शिफ्ट, जो सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलती है, और एल शिफ्ट, जो सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होती है, को मिलाकर डब्ल्यू-1 शिफ्ट लागू करने की योजना है। प्रस्तावित डब्ल्यू-1 शिफ्ट का समय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नई व्यवस्था में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक लंच का समय रहेगा, जबकि सुरक्षा टाइमिंग दोपहर 2:30 बजे तक मान्य रहेगी। ट्रायल समाप्त होने के बाद सामने आने वाली समस्याओं और कर्मचारियों के सुझावों पर बैठक की जाएगी। इसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। योजना के अनुसार, एक नवंबर से सभी कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट का समय एक जैसा करने की तैयारी है।
नई टाइमिंग को लेकर कुछ कर्मचारियों ने अपनी परेशानी भी जाहिर की है। उनका कहना है कि वे ड्यूटी समाप्त होने के बाद टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में ओपीडी के दौरान डॉक्टर से परामर्श लेते थे, लेकिन ओपीडी शाम 6 बजे तक ही चलती है। ऐसे में देर से छुट्टी होने पर इलाज कराने में परेशानी हो सकती है। कर्मचारियों ने इस समस्या को देखते हुए टीएमएच की ओपीडी का समय बढ़ाने या उसमें बदलाव करने की मांग उठाई है।

