जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। भारी वाहनों की आवाजाही के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही पूरे शहर में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने पंडालों और मेले में जाने वाले लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है।


जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 15 अक्टूबर को दोपहर 4:30 बजे से रात 1 बजे तक बसों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, 16 से 20 अक्टूबर तक भारी वाहन दोनों दिशाओं में केवल सुबह 5 बजे से 11:30 बजे तक चल सकेंगे। सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक बसों को छोड़कर अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दिन सुबह 6 बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं और विसर्जन जुलूसों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। लोगों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य पूजा के दौरान जाम की समस्या कम करना, यातायात को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

