देवघर: झारखंड के 286 स्कूलों में 12 महीने से नहीं पहुंचे शिक्षा अधिकारी, संताल परगना के 71 विद्यालय सूची में

Spread the love

देवघर: समग्र शिक्षा के तहत विद्यालयों की निगरानी को लेकर राज्य स्तर पर अहम निर्देश जारी किया गया है। 12 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 के सामाजिक अंकेक्षण के दौरान ऐसे विद्यालयों की पहचान की गई है, जहां पिछले 12 महीनों में बीआरसी को-ऑर्डिनेटर या प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) का दौरा नहीं हुआ। राज्यभर में ऐसे विद्यालयों की संख्या 286 बताई गई है।

इस सूची में संताल परगना प्रमंडल के छह जिलों के 71 विद्यालय शामिल हैं। इनमें देवघर के 21, दुमका के 18, गोड्डा के आठ, जामताड़ा के 14, पाकुड़ के चार और साहिबगंज के छह स्कूल हैं। इन आंकड़ों के आधार पर देवघर और दुमका में सबसे अधिक विद्यालय सूचीबद्ध किए गए हैं।

परिषद ने संबंधित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला शिक्षा अधीक्षकों (डीएसई) को निर्देश दिया है कि वे सूची में शामिल सभी विद्यालयों में बीआरसी को-ऑर्डिनेटर और बीईईओ का भ्रमण सुनिश्चित कराएं। इसका उद्देश्य विद्यालयों की नियमित निगरानी और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा को प्रभावी बनाना है।

निर्देश के अनुसार, इस संबंध में की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट 18 अक्टूबर 2026 तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजनी होगी। अब संबंधित जिलों के शिक्षा अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर विद्यालयों का दौरा सुनिश्चित कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।