धनबाद: एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस की खाली सीटों पर दाखिले का संशोधित शेड्यूल जारी, 14 से 16 अक्टूबर तक आवेदन

Spread the love

धनबाद: झारखंड में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर दाखिले के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) के अनुसार, नए अभ्यर्थी 14 से 16 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राज्य कोटे की रिक्त सीटों का विवरण 15 अक्टूबर को जारी किया जाएगा, जबकि राज्य मेधा सूची 17 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।

पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए विकल्प भरने की प्रक्रिया 17 से 19 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। विकल्प भरने की अंतिम समय-सीमा 19 अक्टूबर शाम छह बजे तक रहेगी। इसके बाद उसी दिन शाम 6:01 बजे से रात 12 बजे तक अभ्यर्थियों को अपने विकल्पों में संशोधन करने का अवसर मिलेगा। अखिल भारतीय कोटे की खाली एमबीबीएस सीटों की मेधा सूची भी 17 अक्टूबर को जारी होने की जानकारी दी गई है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, अनंतिम सीट आवंटन पत्र 21 से 26 अक्टूबर के बीच उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, प्रमाणपत्रों का सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया 22 से 26 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।

जेसीईसीईबी के अनुसार, 26 सितंबर को जारी राज्य मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन, विकल्प भरने और नामांकन से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त करें।