जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति और खराब जल टैंकों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कई मोहल्लों के निवासियों ने गंदे पानी और कम प्रेशर की समस्या से परेशान होकर संबंधित विभाग और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। लोगों ने जल्द समस्या का समाधान करने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।


स्थानीय निवासी नीलोफर हुसैन ने बताया कि कई घरों में साफ पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने पानी की गुणवत्ता की जांच टीडीएस, पीएच, बैक्टीरिया और अन्य संभावित दूषित तत्वों के आधार पर वैज्ञानिक तरीके से कराने की मांग की। साथ ही जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और सुरक्षित जलापूर्ति बहाल होने तक साफ पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर परिषद के पास स्थित करीब एक लाख गैलन क्षमता वाले जल टैंक में फिल्टर खराब होने और पानी का प्रेशर कम रहने की शिकायतें हैं। इसके कारण तेल गली, पल गली, राजाराम बाड़ी, गरीब कॉलोनी, पीबी रोड, पहलवान डेरा और मछली मोहल्ला के निवासी प्रभावित हैं। वहीं, एमई स्कूल रोड कंपाउंड का जल टैंक भी पिछले आठ महीने से खराब पड़ा होने की बात कही जा रही है।
लोगों का कहना है कि लगभग 15 साल पहले बने जल टैंकों का इतनी जल्दी जर्जर होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव में संभावित लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है।

