जमशेदपुर: गोलमुरी में नियमित जलापूर्ति की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों से की मुलाकात

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति की समस्या को लेकर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) के अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए क्षेत्र में प्रतिदिन तीन बार निर्धारित समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि गोलमुरी बाजार, विश्वकर्मा लाइन, गढ़हाबासा, टुइलाडुंगरी, विजयनगर, रामदेव बगान, बजरंगनगर, सरस्वती नगर, आनंद नगर, कैबुल बस्ती और नामदा बस्ती समेत कई इलाकों में जलापूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह तो कभी देर रात पानी आने के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर विशेष रूप से महिलाओं, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है।

भाजपा नेताओं ने मांग की कि सभी प्रभावित इलाकों में सुबह, दोपहर और शाम को तय समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, त्योहारों के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निर्बाध जलापूर्ति की विशेष व्यवस्था की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रभारी दिनेश कुमार और मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय समेत पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।