सरायकेला: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच के लिए सरायकेला क्षेत्र के थोक बाजारों और ओम सुपर मार्केट में निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार और विशाल कुमार सिंह ने सूजी, मैदा समेत कई खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


निरीक्षण के दौरान कारोबारियों को खाद्य उत्पादों पर वैध लाइसेंस या पंजीकरण संख्या, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जैसी आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल नहीं करने और केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमत खाद्य रंगों का ही उपयोग करने को कहा।
इसके अलावा दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित तरीके से भंडारण करने और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि बाजारों में नियमित और आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

