जमशेदपुर: डिमना में ISBT के लिए चिह्नित जमीन पर कचरा डंपिंग, आग लगने से स्थानीय लोगों में नाराजगी

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के लिए चिह्नित 13 एकड़ जमीन पर कचरा डंप किए जाने और उसमें आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। वसुंधरा एस्टेट के पास जमा कचरे में आग लगने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने इस मामले में MGM थाना, उपायुक्त और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर सौरभ विष्णु अपनी समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की मदद से आग पर काबू पाया गया। सौरभ विष्णु का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

उन्होंने अपने पत्र में आशंका जताई कि कचरा जलने से निकलने वाला धुआं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। कचरा जलने की स्थिति में कार्बन मोनोऑक्साइड सहित कई हानिकारक प्रदूषक निकल सकते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

सौरभ विष्णु ने MGM थाना पुलिस से डिमना और वसुंधरा एस्टेट के आसपास नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है, ताकि कचरे में आग लगाने जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने प्रशासन से कचरा डंपिंग की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और पर्यावरण व स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।