खूंटी: फादर बेनेदिक्त बारला पर जानलेवा हमले की जांच के लिए SIT गठित, आठ पुलिस अधिकारियों की टीम करेगी जांच

Spread the love

खूंटी: आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्राचार्य फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आठ पुलिस पदाधिकारियों की टीम बनाई है। इसमें एएसपी अभियान क्रिस्टोफर केरकेट्टा, एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के अलावा खूंटी, मारंगहादा और मुरहू के थाना प्रभारी शामिल हैं। एसपी ने टीम को जल्द जांच पूरी कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। जांच के दौरान डॉग स्क्वायड, तकनीकी संसाधनों और गुप्त सूचनाओं की मदद ली जा रही है। स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में दो से तीन युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात स्कूल परिसर में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमला हुआ था। बुधवार सुबह वे खून से लथपथ हालत में मिले, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, रांची के अस्पताल में भर्ती फादर बेनेदिक्त बारला की स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, वे अब खतरे से बाहर हैं। उनका रक्तचाप और शुगर लेवल सामान्य हो गया है तथा आवश्यक चिकित्सकीय जांच पूरी कर ली गई हैं। डॉक्टर घावों की स्थिति का आकलन करने के बाद आगे के उपचार के संबंध में निर्णय लेंगे।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी जांच की प्रगति के बाद सामने आने की उम्मीद है।