रांची: छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के 74 तालाबों के घाटों पर विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट उपलब्ध कराने के लिए 1200 से अधिक सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। इससे पहले दुर्गा पूजा के बाद नगर निगम ने शहर के 18 चिह्नित तालाबों और जलाशयों में सफाई अभियान चलाया था। उस दौरान मूर्तियों के अवशेष और पूजन सामग्री हटाने के लिए 600 सफाईकर्मियों के साथ जेसीबी, ट्रैक्टर और गोताखोरों की मदद ली गई थी।


नगर निगम ने सभी तालाबों में विसर्जन कुंड बनाए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पूजन सामग्री और अन्य अवशेष सीधे तालाबों में न डालें, बल्कि निर्धारित विसर्जन कुंड का ही इस्तेमाल करें। इससे जलाशयों में कचरा फैलने से रोकने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। निगम ने आम लोगों से भी तालाबों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
इधर, छठ महापर्व और काली पूजा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने काली पूजा से पहले कुछ स्थानों पर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने, छठ घाटों की समुचित सफाई और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।
नगर आयुक्त ने पूजा समितियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में आलोक दुबे सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी शामिल थे। समितियों ने मांग की कि छठ महापर्व से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, प्रकाश और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

