लोहरदगा: 26 लाख की पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से की जांच की मांग

Spread the love

भंडरा (लोहरदगा): भंडरा प्रखंड की उदरंगी और भंडरा पंचायत के अंतर्गत छोटा अंबेरा हरिजन टोली से लड़ाई टांगर तक करीब 26 लाख रुपये की लागत से बन रही पीसीसी सड़क के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद पहली बार गांव में सरकारी विभाग की ओर से पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पहले ग्रामीणों ने श्रमदान कर आवागमन के लिए कच्चा रास्ता बनाया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना है कि विभागीय प्राक्कलन के अनुसार पीसीसी निर्माण से पहले आठ इंच जीएसबी गिट्टी और डस्ट का मिश्रण बिछाकर पानी का छिड़काव तथा रोलर से दबाव देना जरूरी है। इसके विपरीत, संवेदक पर जीएसबी की परत बिछाए बिना मिट्टी वाली जमीन पर ही पीसीसी करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर केवल आधा से एक इंच डस्ट डालकर निर्माण कराया गया है।

लाल भीमनाथ शाहदेव, सुभाष भगत, संजय उरांव, गोवर्धन लोहरा और उमेश लोहरा सहित अन्य ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं हुआ, तो बरसात के दौरान सड़क जल्द खराब हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले गांव में हाथी ने चार लोगों को कुचलकर मार दिया था। ऐसे में गांव तक बेहतर सड़क का निर्माण उनके लिए आवागमन और आपातकालीन परिस्थितियों में काफी महत्वपूर्ण है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित विभाग और संवेदक की भूमिका की पड़ताल करने तथा अनियमितता की पुष्टि होने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। मामले में संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।