जमशेदपुर: रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले झारखंड क्रिकेट टीम में दो महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवब्रत की करीब ढाई साल बाद टीम में वापसी हुई है। उन्हें शिखर मोहन की जगह टीम में शामिल किया गया है। इंडिया-ए टीम में चयन के कारण शिखर मोहन इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। वहीं, साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में मौका दिया गया है।


रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-सी के तहत झारखंड और दिल्ली के बीच मुकाबला 26 से 29 अक्टूबर तक रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। कुमार देवब्रत ने अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला जनवरी 2024 में खेला था। उनके पास घरेलू क्रिकेट का लंबा अनुभव है। उन्होंने अब तक 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं।
लंबे अंतराल के बाद टीम में लौटे देवब्रत के पास दिल्ली के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर अपनी जगह मजबूत करने का अवसर होगा। दूसरी ओर, शुभ शर्मा झारखंड की ओर से दो लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में झारखंड ने अब तक दो मैच खेले हैं और दोनों मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। ऐसे में टीम दिल्ली के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।
दिल्ली के खिलाफ झारखंड टीम की कप्तानी विराट सिंह करेंगे। घोषित टीम में विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीषी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवब्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनैन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह शामिल हैं।

