जमशेदपुर: समाजसेवी आशीष झा ‘महादेव यात्री’ और उनकी टीम ने शुक्रवार को कुष्ठ रोगियों की सहायता के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया। इस दौरान 50 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 32 मरीजों के घावों की ड्रेसिंग कर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। टीम की ओर से मरीजों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सहयोग और अपनापन प्रदान करना था।


सेवा अभियान में नर्स अंशु बारला और नेहा शर्मा ने स्वास्थ्य जांच और घावों की ड्रेसिंग की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, कमेटी के सदस्य आकाश शर्मा, अमन शर्मा, अभिषेक कुशवाहा, सोनू, तरुण और अनिकेत यादव ने सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम के सदस्यों ने मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनकी सहायता की और सेवा कार्य में योगदान दिया।
समाजसेवी आशीष झा ‘महादेव यात्री’ ने कहा कि समाज में आज भी कई जरूरतमंद लोगों को उचित देखभाल, सहयोग और अपनापन नहीं मिल पाता है। ऐसे लोगों की सहायता करना ही सच्ची मानवता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे।
आशीष झा ने मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही जीवन का सच्चा उद्देश्य है। उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता तथा मानव सेवा के कार्य जारी रखने की बात कही।

