प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की रिलीज डेट घोषित, 19 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में होगी रिलीज

Spread the love

मनोरंजन: अभिनेता प्रभास के 47वें जन्मदिन पर उनकी आगामी पीरियड एक्शन फिल्म ‘फौजी’ का नया प्रोमोशनल वीडियो जारी किया गया। ‘डिक्लासिफाइड फाइल नंबर 25’ नाम के इस वीडियो में भारत की आजादी की लड़ाई और दूसरे विश्व युद्ध के दौर से जुड़ी कहानी की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट 19 मार्च 2027 घोषित की है।

प्रोमो की शुरुआत 29 मई 1942 की तारीख और बर्लिन की बर्फ से ढकी सड़कों के दृश्य से होती है। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस और एडोल्फ हिटलर के बीच बातचीत दिखाई गई है। वीडियो में नेताजी भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए जर्मनी से मदद मांगते नजर आते हैं। बातचीत के दौरान हिटलर के हारी हुई लड़ाई में साथ नहीं देने की बात कहने पर नेताजी आत्मविश्वास के साथ जवाब देते हैं कि वे अपने दम पर भारत को आजाद करा लेंगे।

प्रोमो में एक ऐसे भारतीय सैनिक और रणनीतिकार का भी जिक्र किया गया है, जिसे अंग्रेज ‘फौजी’ कहते हैं। वीडियो के अंत में प्रभास की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह अंग्रेजों से अपना हक और आजादी छीनने की बात कहते हैं। इस झलक ने फिल्म की कहानी और प्रभास के किरदार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘सीता रामम’ जैसी फिल्म बना चुके हैं। ‘फौजी’ में प्रभास के साथ इमानवी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती, जया प्रदा और अनुपम खेर भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

निर्माताओं के मुताबिक, ‘फौजी’ 19 मार्च 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम और बंगाली भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और एक्शन से भरपूर इस फिल्म से प्रभास के प्रशंसकों को काफी उम्मीदें हैं।