चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम (FYUGP), सत्र 2026–30 और स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम, सत्र 2026–29 में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 24 अक्टूबर 2026 से खोला जाएगा। विश्वविद्यालय के डीन, अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी नामांकन के लिए विशेष अवसर दिया गया है।


विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों से समय सीमा के भीतर सही और पूरी जानकारी के साथ आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर विषय एवं महाविद्यालय का चयन करें। आवेदन के लिए चांसलर पोर्टल www.universities.jharkhand.gov.in का उपयोग करना होगा। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये प्रति विषय निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी एक से अधिक महाविद्यालयों में भी आवेदन कर सकते हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मेधा सूची का प्रकाशन और चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 29 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना पर्याप्त है। आवेदन के लिए CUET परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य नहीं है। नामांकन विषयवार निर्धारित सीटों और उपलब्धता के आधार पर होगा।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को APAAR ID और ABC ID तैयार रखने की सलाह दी है। ये आईडी राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत शैक्षणिक रिकॉर्ड और क्रेडिट प्रबंधन से जुड़ी हैं। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक ये आईडी नहीं बनवाई हैं, वे डिजिलॉकर के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को झारखंड सरकार के सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी संबंधित प्रमाण पत्र तैयार रखने होंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में भरी गई जानकारी दस्तावेजों के अनुरूप होनी चाहिए। दस्तावेज सत्यापन के दौरान गलत जानकारी मिलने पर नामांकन पर विचार नहीं किया जा सकेगा। इस सत्र में बॉटनी और जूलॉजी के स्थान पर लाइफ साइंस विषय उपलब्ध कराया गया है। इन विषयों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को पोर्टल पर लाइफ साइंस का चयन करने की सलाह दी गई है।

