जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बीच जुगसलाई से गोलपहाड़ी की ओर जाने वाली फोरलेन सड़क का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे को उम्मीद है कि करीब 1.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क जनवरी तक बनकर तैयार हो जाएगी। इसके बाद इसे आम लोगों के लिए खोलने की योजना है। नई सड़क शुरू होने पर जुगसलाई के प्रदीप मिश्रा चौक से स्टेशन की ओर जाने वाली मौजूदा सड़क बंद कर दी जाएगी। इस रास्ते को स्टेशन के पुनर्विकास की योजना में शामिल किया जाना है।


पहले संकटा सिंह पेट्रोल पंप से गोलपहाड़ी तक सड़क बनाने की योजना थी, लेकिन अब इसका निर्माण रेल एसपी कार्यालय के पास तक किया जा रहा है। सड़क के चौड़ीकरण से जुगसलाई और टाटानगर स्टेशन के आसपास यातायात का दबाव कम होने तथा यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रेलवे ने करीब 1,000 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। पहले चरण में लगभग 283 करोड़ रुपये की लागत से नया स्टेशन भवन बनाया जाना है। वहीं, वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए करीब 400 करोड़ रुपये से आधुनिक कोचिंग डिपो विकसित करने की योजना है। स्टेशन पर मौजूदा पांच प्लेटफॉर्म के अलावा पांच नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिससे कुल संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 16 लिफ्ट और 14 एस्केलेटर लगाने की भी योजना है।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन के उत्तरी छोर पर जी-प्लस-3 और दक्षिणी छोर पर जी-प्लस-6 बहुमंजिला भवन बनाए जाएंगे। दोनों भवनों को एलिवेटेड एयर कॉन्कोर्स से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुविधा मिलेगी। दक्षिणी भवन में फूड कियोस्क, टैक्सी काउंटर, हेल्प डेस्क और बड़ा प्रतीक्षालय बनाने की योजना है, जबकि बर्मामाइंस की ओर उत्तरी स्टेशन भवन विकसित किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फोरलेन सड़क तैयार होने के बाद स्टेशन के विस्तार कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।

