नोएल टाटा 70 वर्ष की उम्र में टाटा समूह की छह कंपनियों के बोर्ड से हटेंगे, टाटा संस में बने रहेंगे निदेशक

Spread the love

जमशेदपुर: टाटा ट्रस्ट्स के अध्यक्ष नोएल टाटा 12 नवंबर को 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद टाटा समूह की छह प्रमुख कंपनियों के बोर्ड से हट जाएंगे। यह बदलाव समूह की गैर-कार्यकारी निदेशकों के लिए निर्धारित सेवानिवृत्ति नीति के तहत होगा। हालांकि, वह टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स के नामित निदेशक के रूप में बने रहेंगे।

नोएल टाटा टाटा स्टील, ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन, टाटा इंटरनेशनल और टाइटन कंपनी सहित समूह की कई कंपनियों में नेतृत्वकारी पदों पर हैं। उनके हटने के बाद इन कंपनियों में नेतृत्व और बोर्ड संरचना से जुड़े बदलावों पर उद्योग जगत की नजर रहेगी। समूह के नियमों के अनुसार, कार्यकारी निदेशकों की सेवानिवृत्ति की अधिकतम आयु 65 वर्ष और गैर-कार्यकारी निदेशकों की 70 वर्ष है।

यह घटनाक्रम टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति और कंपनी की संभावित शेयर बाजार लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स के भीतर सामने आए मतभेदों के बीच हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, 17 सितंबर को हुई बोर्ड बैठक में चंद्रशेखरन को 21 फरवरी 2027 से अगले पांच वर्षों के लिए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ था। नोएल टाटा ने इसका विरोध किया था, जबकि ट्रस्ट के अन्य नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया था।

टाटा ट्रस्ट्स ने कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन का हवाला देते हुए प्रस्ताव की वैधता पर सवाल उठाए हैं। नोएल टाटा ने 26 अक्टूबर को पत्र लिखकर बैठक के मिनट्स, मतदान का विवरण और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी थी। टाटा संस की प्रस्तावित लिस्टिंग को लेकर भी मतभेद बताए गए हैं। टाटा ट्रस्ट्स लिस्टिंग के पक्ष में नहीं है, जबकि आरबीआई के नियामकीय मानकों के कारण इस मुद्दे पर चर्चा जारी है।