हजारीबाग: अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के मामले में आरोपी पति कुशाग्र रुद्रा राणा ने गुरुवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने सरेंडर किया। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।


सदर एसडीपीओ रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस अदालत में रिमांड आवेदन दाखिल करेगी। मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है।
यह मामला 22 अक्टूबर का है। उस दिन हजारीबाग के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित कमरा नंबर 304 से अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया था। उनकी मौत के बाद परिजनों ने पति कुशाग्र रुद्रा राणा समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए थे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच आगे बढ़ा रही है। रिमांड पर पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल, पुलिस की जांच जारी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।

