जमशेदपुर: जनसंघ काल से भाजपा संगठन को मजबूत करने में योगदान देने वाले वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का गुरुवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनके बड़े पुत्र नवीन मिश्रा ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने हिस्सा लिया। उनके निधन से शहर में शोक का माहौल रहा।


अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय लाया गया। यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युतवरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा और आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, जिला प्रभारी बबन गुप्ता तथा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पार्टी का ध्वज ओढ़ाकर अंतिम सम्मान दिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चंद्रशेखर बाबा अमर रहें के नारे लगाए। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन किए। वहीं, भालूबासा के इंद्रानगर स्थित उनके आवास पर भी शुभचिंतकों की भीड़ जुटी।
जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, राजेश शुक्ला, अमरप्रीत सिंह काले, कुलवंत सिंह बंटी, कल्याणी शरण, गुरदेव सिंह राजा, मीरा मुंडा, राजकुमार सिंह, शिवशंकर सिंह और राजन सिंह समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
चंद्रशेखर मिश्रा की अंतिम विदाई में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की भागीदारी उनके लंबे संगठनात्मक योगदान और सामाजिक जुड़ाव को दर्शाती रही।

