एनआईटी जमशेदपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, एसपी मनोज स्वर्गियारी ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज पर दिया जोर

Spread the love

जमशेदपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘सत्य निष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। आयोजन के दौरान सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई और सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को याद किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी शामिल हुए। इसकी अध्यक्षता संस्थान के शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. एमके सिन्हा ने की। इस अवसर पर अधिकारियों, शिक्षकों और संस्थान के अन्य सदस्यों ने ईमानदारी एवं पारदर्शिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

अपने संबोधन में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने निवारक सतर्कता, भ्रष्टाचार मुक्त समाज और डिजिटल पारदर्शिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कार्यप्रणाली में जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर ने अपनी प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। संस्थान के अनुसार, लंबित शिकायतों और आरटीआई मामलों का 100 प्रतिशत निपटारा किया गया है। इसके अलावा क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और डिजिटल पहलों को भी प्रशासनिक सुधारों का हिस्सा बताया गया।

संस्थान ने अनुबंध प्रबंधन में 100 प्रतिशत ई-भुगतान और ई-टेंडरिंग व्यवस्था को भी प्रमुख उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य संस्थान की कार्यप्रणाली में ईमानदारी, जवाबदेही और नैतिक आचरण की संस्कृति को मजबूत करना है।