जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज आर्चरी प्रतियोगिता में एलबीएसएम कॉलेज की छात्रा प्रिया महाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। सरायकेला-खरसावां स्थित कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 637 अंक हासिल किए।


प्रिया एलबीएसएम कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हैं। उनका मेजर विषय इतिहास है। तीरंदाजी के क्षेत्र में वह पहले भी अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं। इससे पूर्व वह राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में 16 पदक जीत चुकी हैं।
प्रिया की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कॉलेज के स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. अरविंद प्रसाद पंडित को भी बधाई दी। महाविद्यालय की ओर से प्रिया को शॉल और लेखनी भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रिया अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्राचार्य से मिलने कॉलेज पहुंची थीं। उनकी इस सफलता के बाद अब उनका चयन असम में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय स्तर की आर्चरी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जा रहा है।
इस अवसर पर प्रिया की माता सहित परिवार के सदस्य, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. रानी और महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

