विधायक के खिलाफ कथित रूप से गलत बयान दिलवाने के आरोप में पत्रकार अभिषेक भारती गिरफ्तार, बिष्टुपुर से हुई गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर/सिमडेगा : सिमडेगा विधायक से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। इस प्रकरण में वांछित पत्रकार अभिषेक भारती को पाकरटांड पुलिस ने बुधवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ पाकरटांड थाना में कांड संख्या 25/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मामले की पृष्ठभूमि सिमडेगा विधायक पर एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा लगाए गए कथित दुष्कर्म के आरोप से जुड़ी है। इसी प्रकरण में किशोरी के दादा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की ने किशोरी का अपहरण कर विधायक के खिलाफ जबरन गलत बयान दिलवाने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी सिलसिले में दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभिषेक भारती का नाम पूर्व में भी कुछ विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। उन पर अधिकारियों और अन्य लोगों पर दबाव बनाने तथा पत्रकारिता की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग जैसे आरोप लगाए जाते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोप अभी साबित होना बाकी हैं। मामले में दोष या निर्दोष होने का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।