: चाईबासा में खनन सुरक्षा और श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

चाईबासा : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर प्रकृति व्याख्या केंद्र में खनन सुरक्षा एवं श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के खान सुरक्षा महानिदेशालय के चाईबासा क्षेत्र और पश्चिमी सिंहभूम जिला खनन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में खनन कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में खान सुरक्षा महानिदेशालय, चाईबासा क्षेत्र के निदेशक खान सुरक्षा उप निदेशक थिलेश कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मेघलाल टुडू और खान निरीक्षक निखिल दास उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने खनन कार्यों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने खनन गतिविधियों के दौरान संभावित जोखिमों को कम करने के लिए सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता और सतर्कता बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खनन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा उपायों और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।