एक साल से लापता हैं कृपा सिंधु महतो, पत्नी ने पुलिस अधिकारियों से लगाई गुहार

Spread the love

बोकारो : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमडीहा निवासी कृपा सिंधु महतो पिछले एक साल से लापता हैं। उनकी पत्नी अंजना महतो पति की तलाश में लगातार परेशान हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पति की सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अंजना महतो के अनुसार, उनके पति सेक्टर छह थाना क्षेत्र में सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति के मेस में काम करते थे। लंबे समय तक पति के घर नहीं लौटने पर उन्होंने ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पिछले वर्ष अक्टूबर में मेस संचालक से संपर्क किया था। संचालक ने बताया कि उनके पति मेस में काम करते हैं, लेकिन फिलहाल कहीं बाहर गए हुए हैं। काफी इंतजार करने के बाद अंजना निराश होकर गांव लौट आईं।

कुछ दिनों बाद मेस संचालक ने फोन कर बताया कि कृपा सिंधु महतो स्कूटी चोरी कर फरार हो गए हैं। इस संबंध में संचालक ने थाने में वाहन चोरी की प्राथमिकी भी दर्ज कराई है।

अंजना ने एसपी नाथू सिंह मीणा, टाउन डीएसपी राजीव रंजन और चास एएसपी वेदांत शंकर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और पति की सकुशल बरामदगी की मांग की है। उन्होंने मेस संचालक पर पति के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। साथ ही आरोप लगाया है कि मामले को छिपाने के लिए चोरी का झूठा आरोप लगाया गया है। हालांकि, इस आशंका और आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।