बेरमो : बोकारो थर्मल स्थित उर्दू मजलिस जाने वाली सड़क की हालत पाइपलाइन बिछाने के छह महीने बाद भी नहीं सुधरी है। एसटीपी से जुड़े कार्य के दौरान भारत जी पटेल कंपनी ने उर्दू मजलिस से पहले बने चैंबर तक पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की थी। इस काम के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जानकारी के अनुसार, डीवीसी की ओर से कंपनी को दिए गए टेंडर में स्पष्ट शर्त रखी गई थी कि खुदाई या अन्य कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली सड़क का पुनर्निर्माण संबंधित कंपनी को करना होगा। इसके बावजूद सड़क की पक्की मरम्मत नहीं कराई गई। उर्दू मजलिस के आसपास स्थित डीवीसी कॉलोनी और निजी कॉलोनियों के लोगों ने जब इस समस्या को लेकर विरोध जताया, तो कंपनी की ओर से गड्ढों में मिट्टी और मेटल भरकर छोड़ दिया गया।
हालांकि, इसके बाद भी सड़क का स्थायी निर्माण नहीं कराया गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग और कंपनी जल्द ही सड़क की पक्की मरम्मत कराएंगे, ताकि आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।

