लोयोला स्कूल में वार्षिक साइक्लोथॉन-2026 का आयोजन, विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

Spread the love

जमशेदपुर : लोयोला स्कूल, बिष्टुपुर और लोयोला एलुमनाई एसोसिएशन (एलएए) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को वार्षिक साइक्लोथॉन-2026 का आयोजन किया गया। स्कूल के 80 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा चार से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को हृदय स्वास्थ्य, शारीरिक सहनशक्ति और तनाव मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एक्सएलआरआई जमशेदपुर के मार्केटिंग डीन एवं प्रतिष्ठित प्रोफेसर डॉ. संजय के. पात्रो उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक और झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर रेक्टर फादर माइकल थानाराज, प्राचार्य फादर विनोद फर्नांडीस, उप-प्राचार्या जयंती शेषाद्री, विनीता एफ. एक्का, एलएए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जेएएआई के राष्ट्रीय सचिव राजीव तलवार सहित पूर्व छात्र संघ के कई सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को फिटनेस, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।