जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के रसायन विज्ञान स्नातकोत्तर विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अली जान हुसैन की नई शैक्षणिक पुस्तक ‘हैंडबुक ऑफ ग्रीन केमिस्ट्री: प्रिंसिपल्स, एप्लीकेशन एंड सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज’ का विमोचन किया गया। कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती और करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने संयुक्त रूप से पुस्तक का लोकार्पण किया।


डॉ. अली जान हुसैन ने इस पुस्तक को जीएच रायसोनी यूनिवर्सिटी, अमरावती के सहायक प्रोफेसर डॉ. तपन कुमार शंकर और सीएसआईआर-एनएमएल के शोधार्थी लोकोकृष्ण झा के साथ मिलकर लिखा है। पुस्तक को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें कोल्हान विश्वविद्यालय सहित झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को ध्यान में रखा गया है।
पुस्तक में ग्रीन केमिस्ट्री के सिद्धांतों, उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों, संधारणीय रासायनिक प्रक्रियाओं और प्रदूषण की रोकथाम से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के अनुकूल रासायनिक प्रक्रियाओं और टिकाऊ वैज्ञानिक पद्धतियों की समझ विकसित करने में मदद करना है।
विक्रम साराभाई प्राइज और यूके पेटेंट जैसी उपलब्धियां हासिल कर चुके डॉ. अली जान हुसैन की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

