नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘एक्सप्लोर-13’ का समापन, करीम सिटी कॉलेज बना ओवरऑल विजेत

Spread the love

जमशेदपुर : नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘एक्सप्लोर-13 2026’ का 28 नवंबर को पुरस्कार वितरण समारोह और डीजे नाइट के साथ भव्य समापन हुआ। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव में जमशेदपुर, घाटशिला, चाईबासा, चक्रधरपुर, पोटका, पटमदा और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक विद्यालयों एवं कॉलेजों के लगभग 15 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। साहित्य, खेल, रंगमंच, नृत्य-संगीत, ललित कला, मॉडर्न आर्ट और म्यूजिक सहित 27 प्रतियोगिताओं की 62 श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के दायरे से आगे बढ़कर अपनी रुचि और क्षमता पहचानने तथा नए अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान करना था। तकनीकी क्षेत्र में एआई प्रॉम्प्थॉन और हैश कोड जैसी प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को नवाचार एवं डिजिटल कौशल दिखाने का मंच मिला। वहीं, बीजीएमआई प्रतियोगिता गेमिंग में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। खेलकूद में क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सांस्कृतिक गतिविधियों में रैंप वॉक, गायन, एकल एवं समूह नृत्य, स्किट और फायरलेस कुकिंग ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच दिया।

महोत्सव के अंतिम दिन की शुरुआत आकर्षक फ्लैश मॉब से हुई। इसके बाद ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग, फैशन शो और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण आयोजित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पोटका क्षेत्र के पुलिस उपनिरीक्षक दयानंद कुमार, विशिष्ट अतिथि एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास तथा सम्मानित अतिथि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदनमोहन सिंह और कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। प्रतियोगिताओं में कुल दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी वितरित की गई।

महोत्सव की ओवरऑल विजेता ट्रॉफी करीम सिटी कॉलेज को प्रदान की गई। वहीं, अरका जैन विश्वविद्यालय और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के बीच उपविजेता ट्रॉफी के लिए टाई होने के बाद निर्णायक समिति ने आयोजक संस्थान होने के कारण नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के बजाय अरका जैन को उपविजेता ट्रॉफी देने का निर्णय लिया।

मुख्य अतिथि दयानंद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियां भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने कहा कि युवा समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी रचनात्मक क्षमता राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीखने, मेहनत करने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कुलाधिपति मदनमोहन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ‘एक्सप्लोर’ उन्हें प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर देता है। वहीं, कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि वर्तमान समय में अकादमिक ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क भी आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

समापन अवसर पर अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष डीजे नाइट का आयोजन किया गया। मुंबई से आए डीजे प्रिंस जॉर्डन ने गीत-संगीत की फ्यूजन प्रस्तुति से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। तीन दिवसीय ‘एक्सप्लोर-13’ ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी विकसित करना है।