सरायकेला-खरसावां: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने गम्हरिया प्रखंड में आयोजित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, कार्यप्रणाली तथा पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों और प्रशिक्षुओं को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से कहा कि घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं की सही जानकारी संकलित करें तथा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और आवश्यक संशोधन करने के कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ संपादित करें।
उल्लेखनीय है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

