आदित्यपुर थाना के नए प्रभारी अंजनी कुमार का विकास समिति ने किया स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

Spread the love

आदित्यपुर: आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आदित्यपुर थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी अंजनी कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आदित्यपुर जैसे औद्योगिक एवं संवेदनशील क्षेत्र में एक अनुभवी और सक्षम अधिकारी की नियुक्ति हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए थाना प्रभारी के नेतृत्व में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने इस नियुक्ति के लिए पुलिस प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।

बैठक के दौरान विकास समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। समिति ने समय-समय पर अपराध नियंत्रण अभियान चलाने, खेल मैदानों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित निगरानी से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकेगा।

थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने को अपनी प्राथमिकता बताते हुए अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने भी पुलिस को हर संभव सहयोग देने की बात कही।